
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने तथा हिंदू धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के गंभीर मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 03 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
संजू दांडेकर (उम्र 37 वर्ष), निवासी लीमाही, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार
मोती सिंह (उम्र 39 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा
घटना का विवरण
दिनांक 28 दिसंबर 2025 को थाना अकलतरा क्षेत्र के तरौद वार्ड क्रमांक 20 में दो व्यक्तियों द्वारा स्थानीय लोगों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया जा रहा था। साथ ही आरोपियों द्वारा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
प्राप्त सूचना के आधार पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 661/25 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस कार्रवाई
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










