
हाथी–मानव द्वंद रोकने में सराहनीय योगदान देने वाले 6 वनकर्मी हुए सम्मानित
रायपुर, 28 दिसंबर 2025 | KPN24.com
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अपने निज निवास बगिया में ‘गजरथ यात्रा–2025’ पुस्तक का विधिवत विमोचन किया। यह पुस्तक जशपुर जिले में हाथी विचरण क्षेत्रों, संवेदनशील इलाकों के वैज्ञानिक वर्गीकरण तथा मानव–हाथी द्वंद प्रबंधन हेतु किए जा रहे प्रयासों का विस्तृत दस्तावेज है।
पुस्तक में जिले में विद्यालय स्तर पर संचालित जागरूकता अभियानों, गज सूचना एवं नियंत्रण कक्ष की स्थापना, मानव–हाथी द्वंद प्रबंधन के लिए अपनाई गई तकनीकी पहल एनीमल ट्रैकर ऐप के प्रशिक्षण, साथ ही जिलेभर में गजरथ यात्रा के विस्तार एवं उसकी उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने हाथी–मानव द्वंद को कम करने एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 6 वनकर्मियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वनपाल उमेश पैंकरा, वनरक्षक दुर्गेश नंदन साय, आरआरटी से महत्तम राम सोनी, गणेश राम, रविशंकर पैंकरा तथा हाथी मित्र दल से फूल सिंह सिदार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पुस्तक में समाहित जानकारियां आम नागरिकों को हाथियों के व्यवहार को समझने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने तथा आवश्यक सतर्कता उपाय अपनाने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने विद्यालय स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना भविष्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित वनकर्मियों एवं आरआरटी सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता, साहस और सेवाभाव के कारण कई गांवों में बड़ी घटनाएं टल सकी हैं, जिससे जान-माल की रक्षा संभव हो पाई है।
कार्यक्रम में कमिश्नर नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










