
गांजा, नशीली सिरप व टैबलेट को उद्योग की भट्ठी में जलाकर किया गया नष्ट
जांजगीर-चांपा | KPN24.com
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला पुलिस जांजगीर-चांपा एवं जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 29 दिसंबर 2025 को बड़ी मात्रा में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।
पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से जब्त किए गए मामलों का न्यायालयीन निराकरण पूर्ण होने के पश्चात प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, चांपा स्थित प्लांट की भट्ठी (Furnace) में इन मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया।
नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान कुल—
115 किलो 452 ग्राम गांजा, अनुमानित कीमत 57,50,000 रुपए,
35,833 नग नशीली टैबलेट, कीमत 3,40,000 रुपए,
616 नग नशीली सिरप, कीमत 47,608 रुपए,
इस प्रकार कुल 61 लाख रुपए से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थों को सुरक्षित एवं विधिसम्मत तरीके से नष्ट किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान—
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप,
श्रीमती नीलिमा डीग्रस्कर (सहायक आयुक्त आबकारी, जांजगीर-चांपा), डॉ. खेमचंद साहू (जूनियर वैज्ञानिक, पर्यावरण संरक्षण अधिकारी, बिलासपुर), प्रदीप जोशी (रक्षित निरीक्षक),प्रधान आरक्षक देवनारायण रत्नाकर, जगदीश्वर प्रसाद, श्याम सुंदर जांगड़े (जिला अपराध शाखा, जांजगीर-चांपा), तथा प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, चांपा के प्रबंधक सहित अन्य पुलिस एवं विभागीय स्टाफ मौजूद रहे।
जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती जारी रहेगी और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसी कार्रवाइयाँ भविष्य में भी निरंतर की जाती रहेंगी।










