"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026: चयन ट्रायल 6 से 8 जनवरी तक रायपुर व बिलासपुर में

KPN24 :- भारतीय खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 के प्रथम संस्करण का आयोजन छत्तीसगढ़ में 14 फरवरी 2026 से किया जाना प्रस्तावित है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 6 से 8 जनवरी 2026 तक रायपुर एवं बिलासपुर में किया जाएगा।

जिला खेल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन ट्रायल के माध्यम से महिला एवं पुरुष वर्ग की छत्तीसगढ़ राज्य टीम का गठन किया जाएगा। खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। राज्य के विभिन्न जिलों में वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कुश्ती, तैराकी, फुटबॉल एवं हॉकी जैसे खेलों में उत्कृष्ट क्षमता वाले खिलाड़ी उपलब्ध हैं, जिन्हें इस मंच के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
चयन ट्रायल में भाग लेने हेतु खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ राज्य का स्थायी निवासी होना एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित होना अनिवार्य है। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के लिए आयु सीमा खुली रखी गई है।
चयन ट्रायल के समय खिलाड़ियों को अपना मूल अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड अथवा स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से भी अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More