"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नववर्ष में अवैध गांजा कारोबार पर जांजगीर-चांपा पुलिस की सख्त कार्रवाई

KPN24:- नववर्ष के आगमन के साथ ही अवैध मादक पदार्थों की बिक्री व परिवहन पर अंकुश लगाने हेतु जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। बीते मात्र 05 दिनों के भीतर पुलिस ने 03 अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 23 किलो गांजा (कीमत लगभग 10 लाख 73 हजार रुपये) जब्त किया है। इन मामलों में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इस कार्रवाई की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गांजा परिवहन के एक मामले में जिला महासमुंद का एक पुलिस आरक्षक भी संलिप्त पाया गया, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी आरक्षक से गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक कार एवं पूर्व में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन तथा SDOP चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में थाना शिवरीनारायण पुलिस द्वारा दिनांक 05.01.2026 को मुखबिर की सूचना पर रेड कार्रवाई की गई।
इस दौरान आरोपी चंद्रशेखर साहू, निवासी सलखंड, थाना बसना, जिला महासमुंद (पद—आरक्षक) एवं उसके साथ सहयोग कर रहे एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। मुख्य आरोपी आरक्षक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इसके पूर्व नववर्ष के प्रथम दिवस पर शिवरीनारायण पुल चौक मेन रोड के पास थाना शिवरीनारायण पुलिस द्वारा आरोपी संजय कश्यप एवं रघुनंदन रोहिदास के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
इसी क्रम में सायबर टीम जांजगीर द्वारा दिनांक 02.01.2026 को बम्हनीडीह क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश बंजारे, निवासी कपिस्दा, के कब्जे से 5 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद कर उसे भी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव एवं थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More