"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बलौदा में 7 जनवरी से संगीतमय श्रीरामकथा, धर्म और आस्था का महापर्व शुरू होने को तैयार

KPN24:- मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीलाओं से जन-जन को धर्म, संस्कार और भक्ति का संदेश देने वाली संगीतमय श्रीरामकथा का भव्य आयोजन आगामी 7 जनवरी से 16 जनवरी 2026 तक बलौदा में श्रद्धा और आस्था के साथ किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं, और पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में रंगता नजर आ रहा है।

यह पुण्य आयोजन स्मृतिशेष स्व. श्रीमती लक्ष्मीन (दाई), स्व. कमलनयन शराफ, श्रीमती रामबाई शराफ, आत्माराम सोनी एवं श्रीमती रामप्यारी सोनी की पावन स्मृति में अंचल के धर्मप्रेमी नागरिकों एवं गौटिया परिवार के सहयोग से किया जा रहा है। कथा स्थल स्व. शत्रुहन केवंट का कोठार एवं बरेठ सामाजिक भवन, बलौदा–कोरबा मुख्य मार्ग पर रहेगा।

इस आध्यात्मिक आयोजन में अयोध्या धाम (उत्तर प्रदेश) से पधार रहे मानस विदुषी स्वामी बाल भरत जी महाराज अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से श्रीरामचरितमानस की अमृतधारा प्रवाहित करेंगे, जिससे श्रोता धर्म और भक्ति के भाव में सराबोर होंगे।
7 जनवरी को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कार्यक्रम का शुभारंभ 7 जनवरी को भव्य कलश यात्रा से होगा, जो कल्पना विला (निज निवास) से प्रारंभ होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी। इस अवसर पर नगर एवं आसपास के गांवों की माताएं-बहनें मंगल कलश के साथ सहभागिता करेंगी।
कार्यक्रम के आयोजक माधव शराफ (अधिवक्ता) ने सभी समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों में भी श्रीमद्भागवत कथा एवं निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह जैसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों का सफल आयोजन किया जा चुका है।
प्रतिदिन होंगे विशेष धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन
पार्थिव शिवलिंग पूजन,
एक कुंडीय यज्ञ में आहुति,
तथा नियमित संगीतमय श्रीरामकथा का आयोजन किया जाएगा।
विशेष रूप से इस वर्ष 12 जनवरी को सीता स्वयंवर स्वरूप सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया जाएगा, जो सामाजिक समरसता और सनातन परंपरा का अनुपम उदाहरण होगा।
कथा के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को 11,111 अभिमंत्रित रुद्राक्ष का वितरण भी किया जाएगा।
कथा समयप्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 7 बजे तक
📍 कथा स्थल – बलौदा
नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और संपूर्ण अंचल में श्रीराम नाम की भक्ति धारा बहने को तैयार है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More