
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:-निमाड़ क्षेत्र में महिला हॉकी के विकास, प्रचार-प्रसार और प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आमंत्रित महिला हॉकी स्पर्धा का आगाज हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को डॉयवर्शन रोड स्थित हर्मन टाउनशिप में आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
स्पर्धा संयोजक मंजीतसिंह चावला ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय सरदार मनमोहन सिंह चावला स्मृति अखिल भारतीय आमंत्रित महिला हॉकी स्पर्धा का आठवां संस्करण आगामी 13 जनवरी से जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की नामी महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी।
बैठक में उपस्थित पूर्व विधायक रवि जोशी ने कहा कि यह स्पर्धा जिले की महिला खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी मिलेगी।
महिला हॉकी अकादमी के सचिव अनिल पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल सहित मध्यप्रदेश की टीमों को आमंत्रित करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है। साथ ही खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों के लिए आवास, भोजन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर दायित्व सौंपे गए हैं।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए स्थानीय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से भी फीडबैक लिया जा रहा है, जिससे प्रतियोगिता को और अधिक प्रभावी व व्यवस्थित बनाया जा सके।
बैठक में समाजसेवी नरेंद्रसिंह चावला, रसदीप सिंह, जयप्रकाश पटेल, क्षमा मिश्रा, नवरत्न यादव, काजल यादव, दीपक सोनी, जिला हॉकी संघ सचिव इकबाल खान, शिक्षा विभाग क्रीड़ा निरीक्षक हबीबबेग मिर्जा, भूपेंद्रसिंह जादौन, वरिष्ठ खिलाड़ी काकासिंह छाबड़ा, निरंजन पाल, लोकेन्द्रसिंह रावत, कोच प्रवीण किरार, जितेंद्र हिरवे, सिराज शेख, सचिन मोरे, रसीद खान सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सचिव अनिल पांडेय ने किया तथा आभार प्रदर्शन संयोजक मंजीतसिंह चावला ने माना।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन
पूर्व विधायक रवि जोशी एवं संयोजक मंजीतसिंह चावला ने बताया कि इस स्पर्धा के माध्यम से स्थानीय महिला खिलाड़ियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय प्रशिक्षकों और जिले का राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान की भी कार्ययोजना बनाई जा रही है।
कोच इकबाल खान ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए देशभर की विभिन्न टीमों से संपर्क किया जा रहा है।










