
अपहरण में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
KPN24:- जांजगीर-चांपा पुलिस को नाबालिग बालिका के अपहरण के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना दिनांक 05 जनवरी 2025 को एक नाबालिग बालिका घर से अपनी दीदी के घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
सायबर तकनीक से मिली अहम सफलता
विवेचना के दौरान सायबर तकनीकी माध्यम से अपहृता एवं आरोपी के रायगढ़ की ओर होने की जानकारी मिली। यह सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर रायगढ़ रवाना की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नाबालिग बालिका को आरोपी नागेश कुमार सूर्यवंशी के कब्जे से सकुशल बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग के साथ अनाचार करना स्वीकार किया। साथ ही उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से अपहरण की घटना को अंजाम देने की बात भी कबूली।
आरोपी की निशानदेही पर सहयोगी आरोपी गुलशन टैगोर को भी गिरफ्तार कर लिया गया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी
नागेश कुमार सूर्यवंशी, पिता राम रतन सूर्यवंशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी पुटपुरा, जांजगीर (मुख्य आरोपी)
गुलशन टैगोर, पिता भीम प्रसाद टैगोर, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम पुटपुरा, जांजगीर
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध धारा 137(2), 64(2)(m), 87, 3(5) BNS तथा धारा 4, 6 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनका रहा विशेष योगदान
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली), सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर एवं आरक्षक शंकर राजपूत का विशेष योगदान रहा।










