"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग को मिला नया नेतृत्व:-  राज्य मुख्य सूचना आयुक्त एवं सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी

KPN24:- छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ) द्वारा राज्य सूचना आयोग में शीर्ष पदों पर नई नियुक्तियों को लेकर अधिसूचना जारी की गई है। राज्यपाल द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15(3) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्तियाँ की गई हैं।
अमिताभ जैन बने राज्य मुख्य सूचना आयुक्त
जारी अधिसूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में राज्य मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर अमिताभ जैन (सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी) को उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति भारत सरकार द्वारा 24 अक्टूबर 2019 को जारी सूचना का अधिकार नियम, 2019 के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है।


दो नए राज्य सूचना आयुक्तों की भी नियुक्ति
इसी क्रम में एक अन्य अधिसूचना जारी करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में राज्य सूचना आयुक्त के पद पर निम्नलिखित की नियुक्ति की गई है—
उमेश कुमार अग्रवाल (सेवानिवृत्त भा.प्र.से.)
डॉ. शिरीष चंद्र मिश्रा (पत्रकार)
दोनों ही नियुक्तियाँ उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावशील होंगी और सूचना का अधिकार नियम, 2019 के अधीन रहेंगी।


राजपत्र में प्रकाशन के निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संबंधित सभी विभागों, अधिकारियों एवं संस्थानों को इस संबंध में सूचना प्रेषित कर दी गई है। साथ ही नियंत्रक, क्षेत्रीय मुद्रणालय नवा रायपुर को निर्देशित किया गया है कि उक्त अधिसूचनाओं का प्रकाशन छत्तीसगढ़ के असाधारण राजपत्र में कराते हुए 100 प्रतियां शासन को उपलब्ध कराई जाएं।
प्रशासनिक पारदर्शिता को मिलेगी मजबूती
राज्य सूचना आयोग में इन नियुक्तियों से सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More