"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्यमियों की अहम भूमिका – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में हुए शामिल, निवेश और रोजगार सृजन पर दिया जोर
KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उद्यमियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। वे राजधानी रायपुर में रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर द्वारा आयोजित कॉस्मो ट्रेड एंड बिल्ड फेयर एक्सपो 2026 के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए सतत कार्य कर रही है। व्यापार जगत को प्रोत्साहित करने और आम उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जीएसटी दरों में कटौती की गई है, जिससे जनता को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों के बाद अनेक वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है और इसकी प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक सरल बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को देश और विदेश में सराहा जा रहा है। प्रदेश को अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें विभिन्न सेक्टर्स शामिल हैं। इन प्रस्तावों पर धरातल पर कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने बताया कि सरकार का विशेष फोकस रोजगार सृजन पर है और नई उद्योग नीति के तहत एक हजार से अधिक रोजगार देने वाले उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन (इंसेंटिव) देने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रोटरी क्लब और उद्यमियों की सहभागिता भी अहम होगी। रोटरी क्लब न केवल उद्यमिता को बढ़ावा देता है, बल्कि परोपकार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि यह एक्सपो मध्य भारत का सबसे बड़ा आयोजन है, जिसमें 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिसका लाभ निश्चित रूप से प्रदेश को मिलेगा।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलना प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब द्वारा आयोजित यह एक्सपो अपने 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और क्लब का सेवा कार्य, विशेषकर पोलियो उन्मूलन में योगदान, सराहनीय रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने मोबाइल आई क्लीनिक एम्बुलेंस का लोकार्पण किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 25 महिला उद्यमियों को सम्मानित किया और महिला उद्यमियों पर केंद्रित एक पुस्तक का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, राम गर्ग, रोटरी क्लब ऑफ कॉस्मोपॉलिटन रायपुर के सदस्यगण सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More