
रायपुर में आईपीएल मैच आयोजन को लेकर आरसीबी ने दिया विशेष आमंत्रण
KPN24:- छत्तीसगढ़ में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आयोजन को लेकर पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को टीम की आधिकारिक जर्सी भेंट कर रायपुर में प्रस्तावित आईपीएल मैच के आयोजन के लिए औपचारिक आमंत्रण दिया गया।
इस अवसर पर आरसीबी के वाइस प्रेसिडेंट राजेश मेनन एवं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आईपीएल आयोजन से जुड़ी संभावनाओं और तैयारियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में इस तरह के बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों से राज्य के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार खेल और युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रायपुर में आईपीएल मैच का आयोजन राज्य को एक उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
खेल प्रेमियों के लिए यह खबर उत्साहजनक मानी जा रही है और आने वाले समय में रायपुर में आईपीएल की मेजबानी को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।










