
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में अवैध धान भंडारण एवं राइस मिलों में अनियमित संचालन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर मंगलवार को विकासखंड बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम भागोडीह स्थित ओम राइस मिल में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा छापामार कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान राइस मिल परिसर में मिल के प्रोपराइटर आशीष कुमार अग्रवाल उपस्थित पाए गए। निरीक्षण में धान के रिकॉर्ड संधारण में गंभीर अनियमितताएं तथा मिल संचालन में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। जांच उपरांत मिलर के कब्जे से 57,150 बोरी धान, जिसका कुल वजन 22,860 क्विंटल है, को जब्त किया गया।
प्रशासन द्वारा जिले में कोचियों, बिचौलियों एवं राइस मिलों की गतिविधियों पर लगातार विशेष निगरानी रखी जा रही है। नियमित सत्यापन के साथ-साथ छापामार कार्रवाई की जा रही है, ताकि अवैध धान को किसी भी स्थिति में समितियों के माध्यम से खरीदी प्रक्रिया में खपाया न जा सके।
इस उद्देश्य से राजस्व, खाद्य, मंडी एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम द्वारा लगातार गश्त एवं निरीक्षण किया जा रहा है। विगत दो दिनों में जिले की 17 राइस मिलों का सत्यापन किया गया है। साथ ही सभी मिलरों एवं समितियों की गतिविधियों पर ‘सतर्क ऐप’ के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार अब तक गठित उड़नदस्ता टीम द्वारा 97 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए कुल 3,694 क्विंटल धान एवं 07 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान भंडारण, परिवहन एवं अनियमित मिल संचालन के विरुद्ध आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










