"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

उपलब्धि भरा रहा भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे का एक वर्षीय कार्यकाल

मनीष विद्यार्थी खरगोन।

KPN24:- खरगोन जिले में भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई के लिए यह वर्ष संगठनात्मक दृष्टि से उपलब्धियों से भरा रहा। भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में श्रीमती नंदा ब्राह्मणे ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किया।

इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, दिनभर सोशल मीडिया पर भी बधाई संदेशों की बाढ़ देखने को मिली।
एक वर्षीय कार्यकाल के दौरान श्रीमती ब्राह्मणे ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक कार्य के प्रति नया उत्साह और जोश भरने का कार्य किया। उनके नेतृत्व में पार्टी ने कई महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलताएं हासिल की हैं। उनके विधानसभा क्षेत्र भीकनगांव में नगर परिषद अध्यक्ष का चुनाव एकतरफा जीतना हो या हाल ही में 9 जनवरी को महेश्वर के वार्ड क्रमांक 7 में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की भारी बहुमत से विजय—इन सभी सफलताओं का श्रेय कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जिलाध्यक्ष की मजबूत संगठनात्मक नेतृत्व क्षमता को भी दिया जा रहा है।
श्रीमती नंदा ब्राह्मणे का मानना है कि भाजपा भले ही एक बड़ा संगठन हो, लेकिन इसमें प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक परिवार के रूप में एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। यही कारण है कि पार्टी के हर कार्य में कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ पार्टी का झंडा थामे सबसे आगे खड़े नजर आते हैं।
उनके नेतृत्व में एसआईआर (SIR) कार्य को भी जिला स्तर से लेकर मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ प्रभारी एवं बीएलए-2 तक निरंतर गंभीरता से किया जा रहा है। इस जमीनी कार्य की समीक्षा के दौरान प्रदेश संगठन द्वारा भी जिले की कार्यप्रणाली की सराहना की गई है।
एक वर्ष पूर्ण होने पर मिले शुभकामना संदेशों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीमती ब्राह्मणे ने सभी शुभचिंतकों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं होती, बल्कि यह सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती है। सही मायने में इस कार्यकाल की सबसे बड़ी सफलता आगामी समय में जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त करना होगा। इसके लिए वर्तमान में चल रहे एसआईआर कार्य को पूरी निष्ठा और जमीनी स्तर पर मजबूती के साथ करना आवश्यक है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More