
KPN24:- ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जांजगीर-चांपा जिले में एक सराहनीय पहल देखने को मिल रही है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत प्रोजेक्ट ‘उन्नति’ के माध्यम से हितग्राहियों को राजमिस्त्री कार्य का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी दक्षता बढ़ाना तथा कार्यों को समयबद्ध एवं टिकाऊ बनाना है। जनपद पंचायत अकलतरा की ग्राम पंचायत कटघरी में आयोजित यह 30 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), जांजगीर द्वारा संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण प्रारंभ होने से पूर्व हितग्राहियों की काउंसलिंग कर उनकी रुचि एवं क्षमता के आधार पर चयन किया गया। 6 जनवरी से प्रारंभ इस प्रशिक्षण में कुल 35 हितग्राही भाग ले रहे हैं, जिनमें 28 महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण की मिसाल बना रही है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण को गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप करने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। मास्टर ट्रेनर द्वारा निर्माण सामग्री के सही अनुपात, संरचनात्मक मजबूती, कार्य की समय-सीमा, सुरक्षा उपायों एवं तकनीकी बारीकियों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रशिक्षार्थियों को फील्ड में जाकर व्यावहारिक रूप से राजमिस्त्री कार्य भी कराया जा रहा है।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान हितग्राहियों को मनरेगा के तहत 261 रुपये प्रतिदिन की दर से मजदूरी का भुगतान किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि इस पहल से उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हो रही है। भविष्य में वे न केवल अपने घरों का निर्माण बेहतर ढंग से कर सकेंगे, बल्कि अन्य ग्रामीणों को भी सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे।
यह कौशल विकास प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर श्रीमती उर्मिला पैकरा, प्रभारी एडीईओ बैजनाथ प्रसाद राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।










