
सकल क्षत्रिय माली समाज के प्रथम युवक-युवती परिचय सम्मेलन में दिखी अभूतपूर्व एकजुटता, प्रदेशभर से पहुंचे युवाओं ने मंच से दिया खुला परिचय
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- खरगोन में सकल क्षत्रिय सकल माली समाज द्वारा आयोजित पहला युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को सीता मंगल भवन में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सम्मेलन में समाज की एकजुटता, जागरूकता और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक बालकृष्ण पाटीदार रहे।
इस अवसर पर उन्होंने समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के बायोडाटा से संकलित “शुभमंगल परिचय से परिणय” स्मारिका का विधिवत विमोचन किया। स्मारिका को समाज के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए विधायक पाटीदार ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूती देने के साथ-साथ समाज को विकास और उन्नति की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।
विधायक पाटीदार ने अपने संबोधन में शहरवासियों को बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए कहा कि खरगोन नगर को शीघ्र ही दो बड़े सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक भवन मिलने जा रहे हैं। ये भवन नवग्रह कॉरिडोर में विशाल हॉल तथा किला मैदान परिसर में गीता भवन के रूप में निर्माणाधीन हैं, जिन्हें जल्द ही समाज को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये भवन सामाजिक आयोजनों, पारिवारिक मेल-मिलाप और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेंगे।
सम्मेलन में समाज के वरिष्ठजन बाबूलाल राठौर एवं शिवराम राठौर ने समाज को मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम में समाज के कैलाश माली, गणपति जाधव, सुरेश सोलंकी, किशोर पुजारी, किशोर परमार, प्रताप चौहान, आत्माराम चौहान सहित सकल माली समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
सकल अध्यक्ष हेमराज सोलंकी ने स्वागत भाषण दिया।
कार्यक्रम का संचालन नितेश मुछाल ने किया, जबकि संतोष आलीवाल ने आभार प्रदर्शन किया। सम्मेलन में सगरवंशी माली समाज के चारों तड़ों के अध्यक्ष भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस अवसर पर समाज के प्रचार-प्रमुख पंकज सोलंकी ने बताया कि यह समाज का पहला ऐसा प्रयास था, जो पूर्णतः सफल रहा। विमोचित स्मारिका में खरगोन जिले सहित निमाड़-मालवा संभाग के विवाह योग्य युवक-युवतियों का विस्तृत पारिवारिक परिचय संकलित किया गया है। सम्मेलन की विशेष उपलब्धि यह रही कि 101 युवक-युवतियों ने मंच पर आकर बेबाकी से अपना एवं अपने परिवार का परिचय दिया, जिससे आयोजन को लेकर समाज में उत्साह और सकारात्मक माहौल बना रहा।










