"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

30 करोड़ की महाठगी का फरार ठग गिरफ्तार:- शेयर मार्केट–रियल एस्टेट के नाम पर वर्षों से चल रहा था खेल

KPN24 जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा पुलिस ने शेयर मार्केट और रियल एस्टेट में निवेश के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बीते 2022–23 से सक्रिय था और जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा सहित आसपास के जिलों के लोगों को अपना शिकार बना चुका था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार वैष्णव, पिता स्व. मोचन दास वैष्णव, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी जवाहर नगर, अकलतरा के रूप में हुई है।
15% मुनाफे का झांसा, चेक और इकरारनामा बना हथियार
मामले में प्रार्थी महेंद्र कुमार कश्यप, निवासी कामता थाना शिवरीनारायण ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आरोपी ने जून 2024 में स्वयं को शेयर मार्केट और रियल एस्टेट का बड़ा कारोबारी बताते हुए हर माह 15 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिया।
भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने अपने नाम से इकरारनामा और HDFC बैंक का 10 लाख रुपये का चेक प्रार्थी को दिया। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी ने बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए गए 10 लाख रुपये नगद आरोपी को सौंप दिए।
कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह घर से फरार पाया गया।
एक के बाद एक खुलासे, कई जिलों में फैला ठगी का जाल
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने
कौशल प्रसाद कश्यप से ₹10 लाख
हीरा लाल कश्यप, निवासी चोरभट्टी से ₹5 लाख
इसी तरह चेक और इकरारनामा देकर ठगी की थी। आसपास पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने 10 से 15 अन्य लोगों से भी लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की है।
मामला पंजीबद्ध कर गवाहों के कथन लेखबद्ध किए गए तथा चेक व इकरारनामे जब्त किए गए।
तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्त में आया आरोपी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों में लगभग ₹30 करोड़ की ठगी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की रकम से अर्जित संपत्तियां भी जब्त की हैं—
वेगनआर कार क्रमांक CG-11-M-8955 (कीमत लगभग ₹4 लाख)
कार क्रमांक CG-11-B-5814 (कीमत लगभग ₹8.50 लाख)
यामाहा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-BL-3379 (पुत्र के नाम से)
कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग ₹20 लाख
अन्य अर्जित संपत्तियों, भूमि और मकान से संबंधित जानकारी की विवेचना जारी है।
420 के तहत कार्रवाई, अन्य आरोपी फरार
आरोपी के विरुद्ध धारा 420 भा.दं.सं. के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में आरोपी के अन्य सहयोगी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
सराहनीय पुलिस कार्यवाही
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा एवं थाना स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More