
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट परिसर से मशाल गौरव यात्रा रथ को किया रवाना
KPN24:- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से निकाली गई मशाल गौरव यात्रा रथ का आज जांजगीर-चांपा जिले में भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के शुभंकर ‘मोर वीर’ के साथ यह यात्रा रथ शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर पहुंचा, जहां खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
भव्य स्वागत उपरांत कलेक्टोरेट परिसर, जांजगीर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मशाल गौरव यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री महोबे ने जिले के युवाओं, खिलाड़ियों एवं खेल जगत से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से आदिवासी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह का संचार होगा। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित हो रहे इन खेलों के सफल आयोजन की कामना की।
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी श्री सुब्रत प्रधान, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। जिले में मशाल गौरव यात्रा रथ के आगमन पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, खेल संघों के पदाधिकारी तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने यात्रा रथ एवं शुभंकर ‘मोर वीर’ का स्वागत कर खेलों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रथम संस्करण का आयोजन आगामी 14 फरवरी 2026 से किया जाएगा। इन खेलों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु प्रारंभ की गई मशाल गौरव यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर रही है।










