
मुक्तिधाम व सीसी रोड निर्माण से गांव को मिलेगी बुनियादी सुविधाओं की मजबूती
KPN24:- सक्ती जिले की जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत आमाकोनी में आज विकास कार्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा परदेशी खुंटे के मुख्य आतिथ्य में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।
भूमिपूजन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत आमाकोनी में 12 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम निर्माण तथा 14 लाख रुपये की लागत से दो नग सीसी रोड निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गांव के समग्र विकास को गति मिलेगी।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा परदेशी खुंटे ने कहा कि ग्रामीण अंचलों का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी निरंतर विकास कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मुक्तिधाम निर्माण से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार जैसी महत्वपूर्ण सुविधा सहज रूप से उपलब्ध होगी, वहीं सीसी रोड निर्माण से आवागमन सुगम होगा और ग्राम की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम में सरपंच ओंकार प्रसाद चंद्रा, पंचायत पदाधिकारी, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भूमिपूजन के पश्चात गांव में विकास कार्यों को लेकर उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।










