
बिलासपुर | KPN24.com | 30 जनवरी 2026
भारत सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत बिलासपुर में सेक्टर स्पेसिफिक पर्यटन प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का शुभारंभ किया गया। यह तीन दिवसीय प्रशिक्षण 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक सीपत चौक, सरकंडा स्थित होटल रीति रिवाज में आयोजित किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CSIDC) रायपुर एवं एनआईएमएसएमई हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में उद्यमी, महिला उद्यमी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े युवा भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान इको-टूरिज्म, होम-स्टे, फार्म-स्टे, ट्रैकिंग, कैंपिंग, ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प आधारित पर्यटन के साथ-साथ छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत मिलने वाली शासकीय सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में गार्गी फाउंडेशन की संचालिका श्रीमती बिंदु सिंह एवं हमर संगवारी न्यूज़ के संपादक विजय दुसेजा उपस्थित रहे। अतिथियों ने युवाओं और महिलाओं को पर्यटन आधारित उद्यमिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों का उद्यम पंजीयन भी कराया जा रहा है, ताकि वे विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं वित्तीय सहायता का लाभ ले सकें। समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
यह पहल जिले में पर्यटन, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।










