
जांजगीर-चांपा | 03 फरवरी 2026 | KPN24.com
जिले में कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयासों पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मेन रोड पर चक्का जाम कर आमजन की आवाजाही बाधित करने वाले 21 आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मछुआरा समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा अपनी मांगों को लेकर मत्स्य विभाग कार्यालय, कुलीपोटा के सामने बिना अनुमति मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया गया, जिससे लगभग 3 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
क्या है पूरा मामला
प्रार्थी सीताराम अहिरवार, सहायक मत्स्य अधिकारी (सहायक संचालक मछली पालन, कुलीपोटा) द्वारा दिए गए लिखित आवेदन में बताया गया कि
दिनांक 03.02.26 को दोपहर लगभग 1:00 बजे, मछुआरा समिति के पदाधिकारी व अन्य लोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर बैठकर आवागमन पूर्णतः रोक दिया गया।
समझाइश देने पर प्रदर्शनकारियों द्वारा शासकीय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। चक्का जाम के कारण राहगीरों, मरीजों, स्कूली बच्चों सहित आमजन को गंभीर असुविधा हुई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
लिखित रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 99/26 धारा – 221, 126(2) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
आरोपियों के नाम
नवीन धीवर, गायत्री गायग्वाल, ओमप्रकाश धीवर, बुधराम धीवर, भोजराम धीवर, दामोदर धीवर, राकेश महंत (निवासी कुलीपोटा), शिवकुमार धीवर (निवासी गोधना), करन, विजय धीवर, सरिता धीवर (पति समारु धीवर), मीना धीवर, मोनू धीवर (निवासी कोसा), अहिल्या धीवर (पति लक्ष्मी प्रसाद, निवासी कोसा), सविता धीवर (निवासी बलौदा), सरिता धीवर (पति नारद धीवर, निवासी घडोला), रामकुमार, गोवर्धन धीवर (पिता रामभरोस, निवासी लछनपुर), सहसराम, धनबाई धीवर (निवासी भोजपुर, चांपा), अन्य आरोपी
पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनास्थल पर मौजूद अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।










