
जांजगीर-चांपा | 04 फरवरी 2026 KPN24. Com
जिले में डीजल चोरी के एक सनसनीखेज मामले में बलौदा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सूरज कुर्रे को पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त लोहे की हथौड़ी भी बरामद की गई है।
140 लीटर डीजल पर हाथ साफ, जंगल में रची थी साजिश
पूरा मामला थाना बलौदा के अपराध क्रमांक 39/2026 से जुड़ा है। पुलिस जांच में सामने आया कि दिनांक 28 जनवरी 2026 की रात ग्राम कटरा जंगल के पास खड़ी एक ट्रेलर से आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन CG 12 BN 9753 के जरिए करीब 140 लीटर डीजल चोरी किया था।
इस गिरोह में पहले ही आरोपी रजनीश रात्रे और जयनारायण केवट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि सूरज कुर्रे घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूला जुर्म
आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को बलौदा पुलिस ने सूरज कुर्रे (उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खिसोरा) को उसके निवास से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों जयनारायण केवट, रजनीश रात्रे एवं वीर रात्रे के साथ मिलकर डीजल चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 3(5), 112(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि सुनील टैगोर, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव, गजाधर पाटनवार, आरक्षक टिकेश्वर राठौर, संतोष रात्रे एवं रज्जू रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।










