
KPN24:- जांजगीर-चांपा। जिले में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब आयकर विभाग (IT) की टीम ने चांपा-बिर्रा रोड स्थित तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय पर अचानक दबिश दी। कोयला कारोबारी अंशुमान मुरारका से जुड़े इस प्रतिष्ठान में सुबह से ही दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ कार्यालय और कारोबारी के निवास स्थान पर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि टीम एसआईआर के नाम पर घर में प्रवेश कर जांच में जुटी है। घर और ऑफिस दोनों जगहों पर बैंक खातों, आय-व्यय रजिस्टर, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, लेजर बुक, टैक्स फाइल और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
घंटों से चल रही है पड़ताल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से ही अधिकारियों की टीम कार्यालय के अंदर मौजूद है और किसी भी बाहरी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। दस्तावेजों की स्कैनिंग और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच भी की जा रही है। सूत्र यह भी बताते हैं कि टीम को कुछ महत्वपूर्ण कागजात और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड हाथ लगे हैं, जिनकी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
कोयला कारोबार से जुड़ा मामला
तिरुपति मिनरल्स के प्रोप्राइटर अंशुमान मुरारका कोयला व्यापार से जुड़े हुए हैं। आयकर विभाग की यह कार्रवाई कथित तौर पर आय और कर से संबंधित अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है। हालांकि, विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि या बयान सामने नहीं आया है।
व्यापारिक हलकों में चर्चा तेज
इस कार्रवाई के बाद जिले के व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कोयला कारोबार से जुड़े अन्य व्यापारियों में भी हलचल देखी जा रही है।
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।










