
50 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं ने डिजिटल फीडबैक देकर दिखाई जागरूकता
रायपुर, 17 फरवरी 2026 KPN24.com
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ द्वारा चलाए जा रहे स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा को प्रदेशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। महज एक सप्ताह के भीतर ही 50 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ताओं ने मोर बिजली ऐप के माध्यम से अपना डिजिटल फीडबैक दर्ज कराकर यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ अब तकनीक आधारित पारदर्शी विद्युत व्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
बस्तर से लेकर सरगुजा तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान जोरों पर है। नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, सोशल मीडिया अभियान और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को स्मार्ट मीटर की खूबियों से अवगत कराया जा रहा है। बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि उपभोक्ता नई तकनीक को न केवल समझ रहे हैं बल्कि उसे स्वीकार भी कर रहे हैं।
अतिरिक्त महाप्रबंधक श्री उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि रायपुर शहर से सर्वाधिक फीडबैक प्राप्त हुए हैं। भिलाई सिटी वेस्ट संभाग से करीब दो हजार फीडबैक दर्ज किए गए हैं, जबकि बिलासपुर जोन के बसंत विहार और सकरी वितरण केंद्र भी अग्रणी रहे हैं। यह जागरूकता पखवाड़ा 23 फरवरी तक जारी रहेगा।
स्मार्ट मीटर से क्या बदल रहा है?
श्री मिश्रा के अनुसार स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली से विद्युत आपूर्ति की निगरानी और प्रबंधन में पारदर्शिता एवं दक्षता आई है। अब उपभोक्ताओं को मिल रही हैं ये प्रमुख सुविधाएं—
रियल टाइम बिजली खपत की जानकारी
सटीक और पारदर्शी बिलिंग
ओवरलोड की त्वरित पहचान
ऊर्जा संरक्षण के बेहतर विकल्प
उपभोक्ताओं ने बताई अपनी राय
डीडीनगर रायपुर की श्रीमती सुधा उपाध्याय ने बताया कि अब वे हर आधे घंटे की खपत मोबाइल पर देख सकती हैं, जिससे उन्हें यह समझने में मदद मिली कि किस समय बिजली उपयोग अधिक हो रहा है। अनावश्यक उपकरण बंद कर वे अपना बिल कम कर पा रही हैं।
श्यामनगर के सोनू चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह निःशुल्क लगाए जा रहे हैं और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा। वहीं बंजारी नगर के गुरुचरण साहू का कहना है कि समय पर रीडिंग और समय पर बिल मिलना अब आसान हो गया है।
जशपुर जिले के बाघऱकोना गांव के रोमानुस एक्का ने बताया कि प्रतिदिन की खपत की जानकारी मिलने से बिजली बचत अब उनके नियंत्रण में है। वहीं विकास गुप्ता ने कहा कि मीटर रीडर के समय पर न आने की समस्या अब खत्म हो गई है।
डिजिटल छत्तीसगढ़ की ओर बड़ा कदम
स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को डिजिटल और पारदर्शी ऊर्जा प्रबंधन की दिशा में आगे ले जाने वाला मजबूत कदम बनता जा रहा है। जनता का भरोसा और सहभागिता इस पहल को नई ऊर्जा दे रही है।










