"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बजट ‘उद्योगपतियों को खुश करने वाला दस्तावेज’ : विवेक सिंह सिसोदिया

KPN24:- जिले की सियासत में बजट को लेकर बयानबाज़ी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष विवेक सिंह सिसोदिया ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “जनविरोधी और उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने वाला” करार दिया है।

सिसोदिया ने आरोप लगाया कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता, बल्कि बड़े उद्योगपतियों को साधने की मंशा से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के राजस्व का बड़ा हिस्सा बस्तर और सरगुजा क्षेत्र में केंद्रित किए जाने को लेकर भी पारदर्शिता और संतुलन पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “जुमलों और घोषणाओं की राजनीति” एक बार फिर बजट में दिखाई दे रही है और ठोस क्रियान्वयन की कोई स्पष्ट रणनीति नजर नहीं आती।
युवाओं और बेरोजगारों के लिए ठोस प्रावधान का अभाव
सिसोदिया ने कहा कि बजट में युवाओं और बेरोजगारों के लिए कोई प्रभावी और ठोस प्रावधान नहीं किया गया है, जिससे प्रदेश के लाखों युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक रोजगार सृजन को लेकर स्पष्ट रोडमैप की कमी निराशाजनक है।
किसानों की अनदेखी का आरोप
किसानों के मुद्दे पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इस बार धान खरीदी में हजारों किसान अपनी उपज बेचने से वंचित रह गए, लेकिन बजट में उनके लिए राहत या वैकल्पिक व्यवस्था का कोई स्पष्ट प्रावधान दिखाई नहीं देता।
सिसोदिया ने प्रदेश सरकार से अपेक्षा जताई कि भविष्य के बजट में युवाओं, बेरोजगारों और किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए और विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More