"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

संकल्प से सिद्धि’ का रोडमैप: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बजट 2026-27 को बताया विकास का निर्णायक दस्तावेज

KPN24.com रायपुर  24 फरवरी 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को “संकल्प से सिद्धि” की दिशा में बढ़ाया गया ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का ठोस रोडमैप है, जो अंत्योदय, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के संकल्प को जमीन पर उतारने का माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का पहला बजट “ज्ञान”, दूसरा “गति” और अब तीसरा बजट “संकल्प” की थीम पर आधारित है—जो विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर निर्णायक कदम साबित होगा। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप तैयार किया गया है।
पांच मुख्यमंत्री मिशन: विकास को नई धार
सरकार मिशन मोड में कार्य करते हुए पांच बड़े मिशन शुरू करने जा रही है—
मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन
मुख्यमंत्री एआई मिशन
मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन
मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन
इन मिशनों के जरिए प्रदेश में निवेश, रोजगार, नवाचार और खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी।
शिक्षा को सर्वाधिक प्राथमिकता, 13.5% बजट प्रावधान
शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कुल बजट का 13.5 प्रतिशत हिस्सा स्कूल शिक्षा के लिए निर्धारित किया गया है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो अत्याधुनिक एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी, जिससे दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।
कृषि को मजबूती: 13,500 करोड़ का प्रावधान
“धान का कटोरा” कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में कृषि को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री ने 13,500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के अंतर की राशि का एकमुश्त भुगतान जारी रहेगा।
बस्तर और सरगुजा में कृषि व खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योगों के लिए 100 करोड़ रुपए का विशेष प्रावधान।
बकरी पालन, सूअर पालन और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण आय बढ़ाने की योजना।
बस्तर-सरगुजा के लिए विशेष पैकेज
बस्तर और सरगुजा के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए—
इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बैराज निर्माण हेतु 2000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान।
सिंचाई क्षमता विस्तार से किसानों को बड़ा लाभ।
बस्तर फाइटर्स में 1500 नई भर्तियां, माओवादी उन्मूलन में उनकी भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम।
पर्यटन व स्थानीय रोजगार के लिए होमस्टे योजना में 10 करोड़ रुपए।
औद्योगिक और शहरी विकास को गति
23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपए।
मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपए।
भूमि विकास बैंक के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान।
इसके साथ ही शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार सुविधा की व्यवस्था भी बजट में शामिल की गई है।
स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी और युवा सशक्तिकरण
कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन।
जगदलपुर-अंबिकापुर हवाई सेवाओं का विस्तार।
अंदरूनी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री बस सेवा।
बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक्स का आयोजन।
व्यापम की दक्षता वृद्धि और युवाओं के लिए “छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना” की शुरुआत।
लखपति दीदियों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए भी प्रावधान।
वित्त मंत्री को बधाई
मुख्यमंत्री ने इस बजट को प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More