
KPN24.com जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी 2026
सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले आरोपी को साइबर टीम और शिवरीनारायण पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला पवित्र गिरौधपुरी धाम में आयोजित परम पूज्य संत शिरोमणि गुरु घासीदास बाबा जी के मेला कार्यक्रम से जुड़ा है। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर अपलोड किया गया था, जिस पर आरोपी द्वारा अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इस टिप्पणी से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं, जिसके बाद थाना शिवरीनारायण में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पाण्डेय पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में साइबर थाना टीम और शिवरीनारायण पुलिस ने संयुक्त दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुप्रीम यादव (30 वर्ष), निवासी खरौद, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 एवं आईटी एक्ट की धारा 66 (D) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, सहायक उप निरीक्षक कपिल साहू, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक माखन साहू, यशवंत पाटले एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










