"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कार बेचने के नाम पर 1.30 लाख की ठगी, लंबे समय से फरार आरोपी दुर्ग से गिरफ्तार 

KPN24.com जांजगीर -चांपा 28 फरवरी 2026

गाड़ी खरीदी-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी कर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार सिटी कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा। जांजगीर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कार बेचने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 1,30,000 रुपये की ठगी की थी।
ऐसे रचा गया ठगी का जाल
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि मार्च 2023 में प्रार्थी सुखी राम साहू, निवासी केरा रोड भाठापारा, ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करता है और स्वयं के उपयोग के लिए एक सेकंड हैंड चार पहिया वाहन खरीदना चाहता था।
एक मोबाइल नंबर के माध्यम से उसकी बातचीत ऐसे व्यक्ति से हुई जिसने अपना नाम वसीम खान बताया और स्वयं को दुर्ग निवासी बताया। आरोपी ने प्रार्थी को वर्ष 2022 मॉडल की मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर (क्रमांक CG 12 BG 3469) की तस्वीर भेजकर कीमत 5,20,000 रुपये बताई और बयाना राशि की मांग की।
विश्वास में आकर प्रार्थी ने आरोपी के बताए खाते में अलग-अलग किस्तों में कुल 1,30,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और वाहन भी उपलब्ध नहीं कराया। खुद को ठगा महसूस करने पर प्रार्थी ने थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर आरोपी के विरुद्ध धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
साइबर तकनीक से दुर्ग में लोकेशन ट्रेस, गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने कई बार दुर्ग में दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर फरार होता रहा।
आखिरकार साइबर तकनीक की मदद से आरोपी की लोकेशन दुर्ग में मिलने पर इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर थाना जांजगीर एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम तत्काल दुर्ग रवाना की गई।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कार बिक्री के नाम पर 1,30,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपी का विवरण
नाम: वसीम खान पिता: मोहम्मद कासिम खान उम्र: 43 वर्ष
पता: रूमी बाबा मजार के सामने, केलाबाड़ी वार्ड क्रमांक 41, जिला दुर्ग
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), सहायक उप निरीक्षक मुकेश पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह तथा साइबर थाना से आरक्षक रोहित कहरा और शाहबाज खान का विशेष योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More