
KPN24.com बिलासपुर, 28 फरवरी 2026
होली से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिल्हा विकासखंड के रहंगी से प्रदेशभर के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि एक क्लिक में अंतरित की। कृषक उन्नति योजना के तहत आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में यह ऐतिहासिक अंतरण किया गया।
बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसानों को 494.38 करोड़ रुपए सीधे उनके बैंक खातों में मिले। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। किसानों ने इसे “होली का असली उपहार” बताया।
263.17 करोड़ के विकास कार्यों से जिले को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री ने जिले में विकास की गति तेज करते हुए 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 7 कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ रुपए के 82 नए कार्यों का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से सड़क, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।
कार्यक्रम में पारंपरिक “खुमरी और नांगर” भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। “कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान” थीम पर आधारित वीडियो का भी विमोचन किया गया।
“धान की सर्वाधिक कीमत देने वाला राज्य”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचा है और सरकार ने समय पर भुगतान सुनिश्चित किया है। इस बार बारदाने की कोई समस्या नहीं आई। उन्होंने दोहराया कि छत्तीसगढ़ देश में धान की सर्वाधिक कीमत देने वाला राज्य है।
उन्होंने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, खाद पर सब्सिडी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी सहायता राशि दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 6000 रुपए सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि बजट में 13 हजार करोड़ से अधिक का प्रावधान किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है।
स्वास्थ्य और समाज को भी सौगात
मुख्यमंत्री ने चकरभाटा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला की माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन तथा रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल और स्टेज निर्माण की घोषणा की।
सतनामी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख और पत्थरखान में आदिवासी समाज के भवन हेतु 50 लाख रुपए की विशेष घोषणा भी की गई।
कृषि मंत्री का संदेश: “फसल विविधीकरण ही समृद्धि का मार्ग”
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों से दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने, जैविक खेती अपनाने और मिश्रित कृषि की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नवाचार और विविधीकरण से ही किसानों की आय दोगुनी हो सकती है।
किसानों ने जताया आभार
जगदलपुर की बसंती कश्यप ने बताया कि उनके खाते में 36 हजार रुपए आए हैं। कोरबा के पहाड़ी कोरवा हितग्राही सुखन साय को 73 क्विंटल धान बिक्री पर 53 हजार रुपए मिले। जांजगीर के किसान समर्थ सिंह को 1.41 लाख रुपए की राशि मिली। किसानों ने वर्चुअल संवाद में मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन, ई-ऑफिस संचालन, 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति, दुग्ध क्रांति के लिए एनडीडीबी से समझौता और पर्यटन विकास जैसे कदम प्रदेश को नई दिशा दे रहे हैं।










