"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ के दीर्घकालिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा राज्य नीति आयोग – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

गणेश शंकर मिश्रा ने संभाला उपाध्यक्ष पद का दायित्व, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएँ

KPN24.com रायपुर, 05 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा और गति देने में राज्य नीति आयोग की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आयोग साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के माध्यम से प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करेगा।

नवा रायपुर स्थित नीति भवन में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रशासनिक अनुभव से आयोग को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के भविष्य के विकास का विज़न तय करने वाला महत्वपूर्ण संस्थान है। आयोग के माध्यम से प्रदेश की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए योजनाएँ और रणनीतियाँ तैयार की जाएंगी, जिससे छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि देश आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी दृष्टि को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में भी छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्युमेंट 2047 तैयार किया गया है, जो प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तय करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना आयोग की जगह नीति आयोग का गठन प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम देश के पिछड़े जिलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और इसका सकारात्मक प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ प्रदेश में विकास को नई गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य नीति आयोग से मिलने वाले सुझावों को सरकार गंभीरता से लेकर प्रभावी ढंग से लागू करेगी।
इस मौके पर राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। बेहतर और भविष्योन्मुखी नीतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की दिशा में सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More