"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नगर बंद और चक्का जाम कल: नैला रेलवे फाटक की समस्या पर फूटा जनआक्रोश

KPN24. Com जांजगीर-चांपा जांजगीर-नैला रेलवे फाटक की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर अब क्षेत्र में जनआक्रोश खुलकर सामने आ गया है। लंबे समय से लंबित रेल ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर आज 6 मार्च को नगर बंद और चक्काजाम का बड़ा आंदोलन किया जा रहा है।

इस आंदोलन का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप कर रहे हैं, जिसमें चेंबर ऑफ कॉमर्स, व्यापारी संगठन, सामाजिक संस्थाएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन के पास स्थित नैला रेलवे फाटक पर रोजाना लगने वाले लंबे जाम से लोग वर्षों से परेशान हैं। बार-बार मांग और ज्ञापन देने के बावजूद भी अब तक रेल ओवरब्रिज निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं होने से लोगों में भारी नाराजगी है।
विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि नैला रेलवे फाटक की समस्या लंबे समय से क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। कई बार रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से इस समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने कहा कि अब जनता की परेशानियों को देखते हुए आंदोलन के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है और जब तक रेल ओवरब्रिज निर्माण सहित अन्य मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलन समिति के सदस्य विवेक सिंह सिसोदिया ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत मुद्दे के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की हजारों लोगों की रोजमर्रा की परेशानी को खत्म करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से रोजाना हजारों लोग प्रभावित होते हैं, जिससे मरीज, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिकों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार आपातकालीन सेवाएं और एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार रेलवे प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। प्रशासन और रेलवे की इसी उदासीनता के विरोध में अब शहरवासियों ने नगर बंद और चक्काजाम आंदोलन का रास्ता चुना है।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें:
नैला रेलवे फाटक पर तत्काल रेल ओवरब्रिज का निर्माण
मिशन अस्पताल चांपा समपार पर अंडरब्रिज का निर्माण
जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार
गोंडवाना एक्सप्रेस और साउथ बिहार एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करना
यह आंदोलन 6 मार्च सुबह 6 बजे से परशुराम चौक, गायत्री मंदिर के पास शुरू होगा। आंदोलन के आयोजकों ने शहर के सभी नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर इस जनहित के आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More