"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

ग्रामीण विकास में सरपंचों की भूमिका अहम – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

जशपुर जिले के सरपंचों ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य भेंट

KPN24.com रायपुर 10 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित उनके कार्यालय के सभा कक्ष में जशपुर जिले से चार दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर आए सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सरपंचों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके गांवों की स्थिति, विकास कार्यों और पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ग्रामीण विकास की असली ताकत पंचायतों में निहित है और इसमें सरपंचों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं जनसेवा की शुरुआत पंच के रूप में की थी। पंच से सरपंच और फिर विधायक तथा सांसद बनने तक का सफर जनता की सेवा के संकल्प से ही संभव हुआ।
उन्होंने कहा कि यदि किसी सरपंच में अपने गांव और पंचायत के विकास के प्रति समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो वह अपने क्षेत्र में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकता है। पंचायत स्तर पर अधोसंरचना विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की बड़ी जिम्मेदारी सरपंचों के कंधों पर होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है। उन्होंने सरपंचों से अपील की कि वे इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि ग्रामीण जनता को उनका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि समर्पित नेतृत्व और योजनाओं के सही क्रियान्वयन से कोई भी पंचायत आदर्श पंचायत बन सकती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरपंचों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर वे विभागीय मंत्रियों और अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य अन्य क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को देखकर सीखना और उन अनुभवों को अपने गांवों में लागू करना है, जिससे पंचायतों का समग्र विकास संभव हो सके।
उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले से चार दिवसीय अध्ययन भ्रमण पर आए 35 सरपंचों का दल आज विधानसभा की कार्यवाही देखने पहुंचा था। इस दौरान दल दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत पतोरा और धमतरी जिले के ग्राम पंचायत सांकरा में किए गए विकास कार्यों का भी अवलोकन करेगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, श्रीमती रायमुनि भगत सहित जशपुर जिले से आए सरपंचगण उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More