
KPN24.com रायपुर 10 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी ने अपने नियमित विद्युत कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ कॉरपोरेट सैलरी पैकेज को लेकर अनुबंध किया है। इस समझौते के तहत कर्मचारियों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ आकर्षक बीमा और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा, वह भी बिना किसी अतिरिक्त प्रीमियम के।
इस अवसर पर जनरेशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (वित्त) संदीप मोदी ने बताया कि प्रबंधन हमेशा कर्मचारियों की सुरक्षा, सुविधा और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसी सोच के साथ यह पहल की गई है, जिससे कर्मचारियों को बैंकिंग और बीमा की उन्नत सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकें।
कॉरपोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत कर्मचारियों को कई आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं सिर्फ एक क्लिक पर मिलेंगी। योजना के तहत व्यक्तिगत दुर्घटना में 10 लाख रुपये तक तथा हवाई यात्रा दुर्घटना में 50 लाख से 100 लाख रुपये तक का बीमा कवरेज प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए एड-ऑन बीमा कवरेज की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस पैकेज में कर्मचारियों को प्लास्टिक सर्जरी इन बर्न, इम्पोर्ट ऑफ मेडिसिन, एयर एम्बुलेंस जैसी उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ भी दिया जाएगा। वहीं डिजिटल सुविधाओं के तहत MakeMyTrip, Amazon Prime, जिम सदस्यता, एयरपोर्ट लाउंज और BookMyShow जैसी सेवाओं का लाभ भी मिल सकेगा, जिससे कर्मचारी घर बैठे ही ऑनलाइन भुगतान और बुकिंग की सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे।
यह कॉरपोरेट सैलरी पैकेज कर्मचारियों की सैलरी के अनुसार चार अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिसमें सुविधाओं का आकार और प्रकार वेतनमान के अनुरूप तय होगा।
श्री मोदी ने स्पष्ट किया कि बैंक का चयन करना पूरी तरह कर्मचारियों का अधिकार है। प्रबंधन केवल कर्मचारियों को अधिकतम सुविधाओं वाला विकल्प उपलब्ध करा रहा है, ताकि अधिक से अधिक कर्मचारी इसका लाभ उठा सकें।










