
KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 मार्च 2026
जिले में एक युवक की आत्महत्या से जुड़ा मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई। घटना के बाद सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें मृतक ने आत्महत्या के लिए पुलिस की कथित प्रताड़ना को जिम्मेदार बताया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सनत कुमार कश्यप (25 वर्ष), निवासी चोरभट्टी थाना मुलमला जिला जांजगीर-चांपा, जो वर्तमान में अशोक लीलैंड वर्कशॉप ग्राम पताढी थाना उरगा क्षेत्र में रह रहा था, ने आत्महत्या कर ली। वायरल वीडियो में उसने दावा किया था कि बलौदा थाना क्षेत्र की पंतोरा चौकी से फोन कर उसे गाली-गलौच करते हुए प्रताड़ित किया गया, जिससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।
जांच में खुला चौंकाने वाला सच
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि कोरबा के ग्रेवरा बस्ती निवासी सचिन खरे (30 वर्ष) की बहन स्नेहा खरे (21 वर्ष) 12 मार्च को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। परिवार द्वारा तलाश करने पर पता चला कि वह धीरेन्द्र पाटले, जो सचिन का रिश्तेदार (मामा का बेटा) है, के साथ चली गई है।
इस बात से नाराज होकर सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप को डराने की योजना बनाई। उसने अपने रिश्तेदार शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर 9669715797 से मृतक के मोबाइल 6267237268 पर कॉल कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताकर गाली-गलौच की और उसे थाने आने के लिए धमकाया।
डर और दबाव में उठाया आत्मघाती कदम
पुलिस बनकर किए गए इस फोन कॉल से सनत कश्यप बुरी तरह घबरा गया और डर के कारण उसने उरगा क्षेत्र में आत्महत्या कर ली।
आरोपी ने कबूला जुर्म
जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 204 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बहन की गुमशुदगी भी दर्ज
उधर आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कुसमुंडा, जिला कोरबा में दर्ज कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।










