
KPN24.com जांजगीर-चांपा 16 मार्च 2026
जिले के थाना सारागांव क्षेत्र में एक बुजुर्ग दुकानदार से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। देर रात हुई इस घटना से गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से आरोपियों को जल्द ही दबोच लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुडपार निवासी सुशील पाण्डेय (70 वर्ष) ने थाना सारागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 मार्च 2026 की रात लगभग 12:30 बजे गांव के ही आनंद उर्फ पप्पू सूर्यवंशी, अविनाश सूर्यवंशी और विक्की सूर्यवंशी उनकी दुकान पर पहुंचे और सिगरेट व गुटखा मांगा। सामान देने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो तीनों आरोपी भड़क गए।
आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दुकान का दरवाजा लात मारकर खोल दिया और अंदर घुसकर बुजुर्ग दुकानदार के साथ मारपीट की। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत पर थाना सारागांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 331(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
आनंद उर्फ पप्पू सूर्यवंशी (25 वर्ष), अविनाश सूर्यवंशी (25 वर्ष), विक्की सूर्यवंशी (21 वर्ष), सभी निवासी ग्राम मुडपार, थाना सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक महेश केवट, आरक्षक दीपक और गोवर्धन टाइगर का सराहनीय योगदान रहा।










