"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पिछड़ा वर्ग के विकास का रोडमैप तैयार करने पर जोर, व्यापक सर्वेक्षण की उठी मांग

KPN24.com रायपुर 25 मार्च 2026

सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाने की जरूरत पर बल देते हुए मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए व्यापक और वैज्ञानिक सर्वेक्षण अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य को सांख्यिकी विभाग को सौंपकर ठोस डेटा के आधार पर नीतियां बनाई जानी चाहिए।

छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सभागार में आयोजित अहम बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. कुसमरिया ने अपने संबोधन में सुझाव दिया कि पंचायत स्तर पर हर वर्ष सम्मान समारोह आयोजित किए जाएं, ताकि समाज के प्रतिभावान वर्ग को प्रोत्साहन मिले। साथ ही उन्होंने देशभर के पिछड़ा वर्ग आयोगों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की भी वकालत की, जिससे साझा समस्याओं और समाधान पर एक मंच पर मंथन हो सके।
सामाजिक विसंगतियों को खत्म करना प्राथमिकता: निषाद
बैठक की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद ने कहा कि पिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों की सामाजिक स्थिति ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग रूपों में देखने को मिलती है, जिसे समझकर लक्षित योजनाएं बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक विसंगतियों को दूर करना और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रस्तुतीकरण में सामने आया जमीनी कामकाज
बैठक के दौरान आयोग के सचिव ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए राज्य में पिछड़ा वर्ग के हितों के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इसमें आयोग की संरचना, अधिकार, प्राप्त शिकायतें और जाति समावेशन से जुड़े मामलों की स्थिति को विस्तार से रखा गया।
वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में आर.एस. विश्वकर्मा, चंद्रकांति वर्मा, भरत लाल मटियारा, डॉ. लखन धीवर, प्रहलाद रजक सहित कई पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More