"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

किराना दुकान में सेंधमारी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने घंटों में सुलझाया मामला

KPN24.com जांजगीर-चांपा 02 अप्रैल 2026

जांजगीर शहर में किराना दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को सिटी कोतवाली पुलिस ने बेहद कम समय में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वीरगहनी निवासी शोभाराम साहू ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह वीरगहनी चौक में किराना दुकान संचालित करते हैं। 31 मार्च 2026 की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 1 अप्रैल की सुबह जब उन्होंने दुकान खोली तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखे राशन सामग्री को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई।
रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो युवक संदिग्ध अवस्था में दुकान के आसपास घूमते दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों संदेहियों की पहचान कर ली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान शुरू में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने किराना दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
अमित पटेल (19 वर्ष) पिता भोलाराम पटेल, निवासी वार्ड क्रमांक 15 देवाटन वीरगहनी, जांजगीर
राजवीर सिंह राजपूत (19 वर्ष) पिता विजय सिंह राजपूत, निवासी वार्ड क्रमांक 15 देवाटन वीरगहनी, जांजगीर
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए राशन की सामग्री कीमती लगभग 10 हजार रुपये बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाशचंद राठौर, आरक्षक विनोद राठौर और नीतीश विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More