"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

खपरी डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा: चोरी की नीयत से घुसे आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति की कर दी निर्मम हत्या, 48 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

मास्क और नकली बाल लगाकर पहुंचे थे आरोपी • जागने पर बुजुर्ग दंपति पर चाकू से हमला • सोने-चांदी के जेवर समेत हथियार और बाइक बरामद

KPN24.com जांजगीर-चांपा 03 अप्रैल 2026

जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का जांजगीर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। चोरी की नीयत से घर में घुसे आरोपियों ने जाग जाने पर बुजुर्ग दंपति पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार, चोरी के जेवर और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 1 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि ग्राम खपरी निवासी 70 वर्षीय संतराम साहू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी श्यामबाई साहू घर के अंदर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए।
मामले की जांच के लिए साइबर टीम, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी प्रदीप सोरी और डीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में साइबर थाना और मुलमुला पुलिस की संयुक्त टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
चोरी की योजना बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि बुजुर्ग दंपति गांव में अकेले रहते थे और उनके घर में पैसे होने की जानकारी आरोपियों को थी। इसी लालच में आरोपियों ने चोरी की योजना बनाई। पहचान छुपाने के लिए उन्होंने नकली बाल, मास्क और टोपी का इस्तेमाल किया और छत के रास्ते घर में घुस गए।
रात के दौरान घर में घुसते समय संतराम साहू की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की। इस पर आरोपी सुरेन्द्र यादव ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। आवाज सुनकर जागी उनकी पत्नी श्यामबाई साहू पर आरोपी गजेन्द्र पाल दिनकर ने गले और चेहरे पर चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी महिला के गले से सोने की माला और पैरों से चांदी की पायल निकालकर फरार हो गए।
इस तरह पुलिस के शिकंजे में आए आरोपी
घटना के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि गांव का ही गजेन्द्र दिनकर घटना के बाद से लापता है। साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे उसके ससुराल नवागांव (थाना मल्हार) से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसके हाथ में चोट के निशान मिले, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने बताया कि वारदात में उसका साथी सुरेन्द्र यादव भी शामिल था। वहीं उसके पिता श्यामरतन दिनकर घर के बाहर रेकी कर रहे थे और चोरी का सोने का हार छिपाकर रखा था। इसके अलावा उसका भाई विजेन्द्र पाल दिनकर घटना की जानकारी होने के बावजूद उसे मोटरसाइकिल से ससुराल पहुंचाकर फरार होने में मदद कर रहा था।
पुलिस ने किया सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो चाकू, सोने का हार, चांदी की पायल और एक मोटरसाइकिल (CG-11-AW-0357) बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी
गजेन्द्र पाल दिनकर (24) – ग्राम खपरी
सुरेन्द्र यादव (25) – ग्राम खपरी (मुख्य साजिशकर्ता)
श्यामरतन दिनकर (53) – ग्राम खपरी
विजेन्द्र पाल दिनकर (26) – ग्राम खपरी
टीम की अहम भूमिका
इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने में साइबर थाना प्रभारी सागर पाठक, मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल, पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी सहित साइबर और मुलमुला पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्रवाई और 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने पर सराहना की है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More