
KPN24.com रायपुर 9 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिला प्रवास के दौरान अम्बिकापुर में भटगांव विधानसभा के पूर्व विधायक पंडित रविशंकर त्रिपाठी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह कार्यक्रम लोक निर्माण विभाग कार्यालय के पास स्थित पंडित रविशंकर त्रिपाठी चौक में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि पंडित रविशंकर त्रिपाठी का जीवन जनसेवा, समर्पण और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि उनके विचारों और कर्मठता की जीवंत प्रेरणा है, जो आने वाली पीढ़ियों को समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने की दिशा दिखाती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों का योगदान हमें यह सिखाता है कि जनसेवा ही सच्चा राष्ट्रधर्म है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर ही हम एक सशक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
इस अवसर पर रामविचार नेताम, राजेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पंडित रविशंकर त्रिपाठी को श्रद्धांजलि अर्पित की।










