
KPN24.com रायपुर 9 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। Chhattisgarh State Power Generation Company Limited के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह (डीएसपीएम), कोरबा पूर्व ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर महत्वपूर्ण कीर्तिमान स्थापित किया है।
ऊर्जा सचिव एवं पावर जनरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के अध्यक्ष रोहित यादव ने इस उपलब्धि पर जनरेशन कंपनी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक S. K. Katiyar ने बताया कि Central Electricity Authority (सीईए) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार डीएसपीएम कोरबा पूर्व संयंत्र ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि संयंत्र के कुशल संचालन, बेहतर प्रबंधन और नियमित रख-रखाव का परिणाम है।
डीएसपीएम संयंत्र की 2×250 मेगावॉट क्षमता वाली दोनों इकाइयों ने वर्ष 2025-26 में 91 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) दर्ज किया। यह प्रदर्शन सीईए और Chhattisgarh State Electricity Regulatory Commission द्वारा निर्धारित 85 प्रतिशत के लक्ष्य से भी काफी अधिक है।
इतना ही नहीं, सीईए के वार्षिक मूल्यांकन में देश की 33 विद्युत उत्पादन संस्थाओं के बीच भी छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर टॉप-3 कंपनियों में अपनी जगह बनाई है।
एमडी श्री कटियार ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ की जनरेशन कंपनी को देश के ऊर्जा उत्पादन मानचित्र पर और मजबूत पहचान मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी कंपनी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।










