
KPN24.com जांजगीर-चांपा 11 अप्रैल 2026
जिले में अवैध जुआ और सट्टे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मुकुंद केशरवानी (29 वर्ष) पिता कृष्णा केशरवानी, निवासी वार्ड क्रमांक 10 भोगहापारा शिवरीनारायण, को मुखबिर की सूचना पर 10 अप्रैल 2026 को छापेमारी कर पकड़ा गया। आरोपी मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13,000 रुपये नगद तथा रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10,000 रुपये) जब्त किया है, जिनका उपयोग सट्टा संचालन में किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 और 07 के तहत अपराध दर्ज करते हुए थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 138/26 पंजीबद्ध किया है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 11 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप तथा उप पुलिस अधीक्षक सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र कुमार टंडन तथा आरक्षक प्रवीण साहू, राजेश कौशिक और बलराम यादव सहित थाना शिवरीनारायण के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










