
दो विधि से संघर्षरत बालक भी निकले गिरोह के सदस्य, लाखों के तार चोरी का खुलासा
KPN24.com जांजगीर-चांपा 02 जून 2026
चांपा पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों को निशाना बनाकर बिजली के तार और सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर, बिजली के तार, 750 रुपये नकद एवं तार काटने का कटर बरामद किया है।
चौकीदार की सतर्कता से रंगे हाथ दबोचा गया चोर
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सौरव कुमार सराफ, निवासी चांपा ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कोरवा पारा स्थित उनके निर्माणाधीन मकान में 31 मई की रात अज्ञात चोर घुस आया था। मकान की निगरानी कर रहे चौकीदार श्रवण कुमार यादव की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान एक युवक मकान के भीतर बिजली के तार और कटर सहित रंगे हाथों पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पूर्व में भी उसी मकान से लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के बिजली तार चोरी कर चुका है। इस मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 277/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
मारूति टाउनशिप में भी वारदात को दिया था अंजाम
एक अन्य मामले में डॉ. राधेश्याम सोनी ने शिकायत दर्ज कराई कि मारूति टाउनशिप स्थित उनके निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरा और बाद में बिजली के तार चोरी कर लिए थे। शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 278/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुली गिरोह की पूरी कहानी
रात्रि में पकड़े गए संदेही कार्तिक दास महंत से सघन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कई निर्माणाधीन मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों द्वारा चोरी किए गए बिजली तारों को जलाकर उसमें से कॉपर निकालकर बेचने का भी खुलासा हुआ।
जांच के दौरान चोरी का कॉपर वायर खरीदने वाले मदन लाल बरेठ की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को 02 जून 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
• कार्तिक दास महंत (23 वर्ष), निवासी भाठापारा, चांपा
• नारायण चौहान (19 वर्ष), निवासी भाठापारा, चांपा
• मदन लाल बरेठ (35 वर्ष), निवासी नयापारा, चांपा (खरीदार)
बरामद सामग्री
• लगभग 8 किलो जला हुआ कॉपर वायर
• बिजली के तार
• नकद 750 रुपये
• तार काटने का कटर
पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, गौरीशंकर राय, वीरेश सिंह सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











