"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

पुलिस कार्यालय में हंगामा, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने वाला युवक गिरफ्तार

शासकीय कार्य में बाधा डालने पर त्वरित कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

KPN24.com जांजगीर-चांपा 02 जून 2026

जांजगीर-चांपा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने कार्यालय में मौजूद स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार, अश्लील गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए कर्मचारियों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी थी।

पावती को लेकर शुरू हुआ विवाद, कार्यालय में मचाया उत्पात
पुलिस के अनुसार, 01 जून 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे ग्राम सेमरा निवासी पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष) पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर पहुंचा। उसने अजाक-जवाक शाखा में एक आवेदन प्रस्तुत कर तत्काल पावती देने का दबाव बनाया। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन का अवलोकन कर पावती देने की प्रक्रिया बताने पर वह भड़क उठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने कार्यालयीन मर्यादा को दरकिनार करते हुए स्टाफ से कहा कि आवेदन पढ़ने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है और तत्काल पावती देने की मांग करने लगा। समझाइश के बावजूद वह उग्र हो गया और अश्लील गालियां देने लगा।
स्टाफ से धक्का-मुक्की, झूठे केस में फंसाने की दी धमकी
हंगामे की सूचना मिलते ही कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया। उसने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारियों से धक्का-मुक्की की तथा झूठे प्रकरणों में फंसाने की धमकियां देने लगा, जिससे कार्यालय का कार्य प्रभावित हुआ।
एसपी के निर्देश पर तत्काल हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 405/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 121(1), 132, 296 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में गिरफ्तारी
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपना अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह एवं तोरन डहरिया का सराहनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More