"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

35 वर्षों का इंतजार खत्म: सपेरा बस्ती में साकार हुआ पक्के आशियाने का सपना, मुख्यमंत्री ने लिया विकास कार्यों का जायजा

भीखमपुरा पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्माणाधीन पीएम आवासों का किया निरीक्षण, जनजातीय परिवारों से किया सीधा संवाद

KPN24.com रायपुर 04 जून 2026

सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड स्थित ग्राम भीखमपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने सपेरा बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित सवरा (सपेरा) जनजाति के परिवारों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी स्वीकृत आवासों एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले लगभग 35 वर्षों से कच्चे मकानों में जीवनयापन कर रहे थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। हितग्राहियों ने कहा कि पहली बार उन्हें अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने की उम्मीद मिली है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने दिव्यांग हितग्राही रमाबाई सिदार को बैसाखी प्रदान कर सहायता की तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री की सहजता और संवेदनशीलता से ग्रामीणों में विशेष उत्साह और विश्वास का माहौल देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि भीखमपुरा की सपेरा बस्ती में 68 परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास, सीसी रोड सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और जल जीवन मिशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगातार पहुंचाया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में 25 आवास, वर्ष 2025-26 में 14 आवास तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 14 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 अन्य पात्र परिवारों को आवास प्लस 2.0 सर्वे में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कदम का पौधा तथा वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बरगद का पौधा रोपित किया। परिसर में कुल पांच पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
ग्रामीणों की बड़ी उपस्थिति के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शासन की योजनाएं अब अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंच रही हैं और दशकों से उपेक्षित परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का नया अध्याय लिख रही हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More