
KPN24.com जांजगीर-चांपा 08 जून 2026
विदेश में रोजगार का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग ने इजराइल में होम केयरगिवर (केयरगिवर) पदों पर रोजगार के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इजराइली नियोक्ताओं द्वारा कुल 3500 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिससे प्रदेश के हजारों युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार, इन पदों के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, नर्सिंग सहायक, जनरल नर्सिंग एवं मिडवाइफरी (जीएनएम), बीएससी नर्सिंग, केयरगिवर प्रमाणपत्र, फिजियोथेरेपी असिस्टेंट डिप्लोमा अथवा फिजियोथेरेपी टेक्नीशियन डिप्लोमा जैसी योग्यताएं निर्धारित की गई हैं।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान, शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। साथ ही न्यूनतम ऊंचाई 152 सेंटीमीटर तथा वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए।
चयनित उम्मीदवारों को लगभग 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने का अनुमान है। इसके अलावा नियोक्ता द्वारा आवास, भोजन एवं चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रारंभिक अनुबंध अवधि 2 वर्ष की होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।
इजराइल में रोजगार के इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के मुख्य पृष्ठ पर “विदेशों में रोजगार के अवसर (Israel Home Based Caregiver)” शीर्षक के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जांजगीर-चांपा में संपर्क कर भी अपना पंजीयन करा सकते हैं।
विदेश में सम्मानजनक वेतन और बेहतर भविष्य की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह अवसर किसी सुनहरे सपने से कम नहीं है।











