
KPN24.com जांजगीर-चांपा 09 जून 2026
जांजगीर-चांपा जिले की जिला जेल खोखरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नाबालिग बालिका के अपहरण एवं दुष्कर्म प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए आरोपी दुवास केवट ने जेल परिसर के भीतर कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद जेल प्रशासन, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म मामले में आरोपी दुवास केवट को पुलिस ने गिरफ्तार कर सोमवार 8 जून को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल खोखरा भेजा गया था। मंगलवार सुबह जेल के बाथरूम में उसका शव कपड़े के फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि 5 मार्च 2026 को एक नाबालिग बालिका घर से बिना बताए लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर बलौदा थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगाने का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने साइबर तकनीक और अन्य माध्यमों की सहायता से बालिका को कोरबा जिले से बरामद किया था। जांच के दौरान आरोपी दुवास केवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि जेल परिसर के भीतर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी ने यह कदम कैसे उठाया, इसे लेकर जांच एजेंसियां हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।
अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।










