
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात, सड़क, पेयजल, सिंचाई और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार
KPN24.com जांजगीर-चांपा 14 जून 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले को विकास की ऐतिहासिक सौगात देते हुए 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 341 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ कर जिले के विकास को नई गति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया तथा बटन दबाकर पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह दिन जांजगीर-चांपा जिले के लिए ऐतिहासिक अवसर है और इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा।
159 कार्यों का लोकार्पण, 182 परियोजनाओं का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री द्वारा 70.10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 159 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 224.90 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 182 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय अधोसंरचना एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलेगी।
विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिले में रोजगार, सुविधाओं और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
कई विभागों की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल
लोकार्पित एवं भूमिपूजित कार्यों में जल संसाधन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन विभाग, सीजीएमएससी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।











