
KPN24.com जांजगीर-चांपा 14 जून 2026
सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर पैसों का लालच देने, फिर धमकी और ब्लैकमेलिंग का खेल खेलने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम बरेठ (22 वर्ष), निवासी धोबीपारा, थाना चांपा के रूप में हुई है।
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती, फिर बिछा ब्लैकमेलिंग का जाल
पीड़िता ने थाना चांपा में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से लगातार संपर्क कर उससे दोस्ती बढ़ाई। कुछ समय तक बातचीत करने के बाद आरोपी ने बहला-फुसलाकर और पैसों का प्रलोभन देकर उसके बैंक खाते में राशि जमा कर दी। जब युवती ने पैसे लेने से इंकार किया तो आरोपी ने बाद में राशि वापस लेने की बात कहकर उसे विश्वास में ले लिया।
पैसों के बहाने दिखाया असली चेहरा
करीब 10 से 12 दिन बाद आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने फोन पर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और पैसे लौटाने के नाम पर लगातार दबाव बनाने लगा। पीड़िता द्वारा बातचीत बंद करने पर आरोपी ने उसे और उसकी मां को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद मामला ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना तक पहुंच गया।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
पीड़िता की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत धारा 296, 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा 67(ए) आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
युवाओं के लिए पुलिस की महत्वपूर्ण अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान व्यक्तियों से संपर्क करते समय पूरी सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी, ब्लैकमेलिंग, साइबर ठगी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
सराहनीय पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रउनि रूकसाना बानो, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, वीरेश सिंह एवं थाना चांपा स्टाफ का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।











