
डेढ़ वर्ष से पुलिस को चकमा दे रहा कांटा बाबू आखिरकार बलौदा पुलिस के शिकंजे में
KPN24.com जांजगीर-चांपा 15 जून 2026
बलौदा क्षेत्र स्थित महावीर कोलवॉशरी में लाखों रुपये मूल्य के कोयला गबन मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। कांटा मशीन में हेरफेर कर लगभग 19.75 टन कोयले के गबन के मामले में वांछित आरोपी ईश्वरी प्रसाद पटेल (30 वर्ष) को थाना बलौदा पुलिस ने ग्राम खोहा से दबिश देकर गिरफ्तार किया।
फर्जी तौल पर्ची जारी कर किया गया था कोयला गबन
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी, जो नाइट शिफ्ट में कांटा बाबू के रूप में कार्यरत था, ने कोयला लेकर पहुंचे ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर फर्जी कांटा पर्चियां जारी कर दी थीं। इसके बाद ट्रकों को कोल यार्ड भेज दिया गया।
अनलोडिंग के दौरान जब कोयले की मात्रा संदिग्ध लगी तो वाहनों का पुनः वजन कराया गया। जांच में एक ट्रक में 7.05 टन तथा दूसरे में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। इस तरह कुल 19.75 टन कोयले की हेराफेरी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये आंकी गई।
अपराध दर्ज होते ही फरार हो गया था आरोपी
मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) एवं 3(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। अपराध दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
15 जून 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खोहा में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे सहित थाना बलौदा के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।










