"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मुख्यमंत्री साय ने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने का किया आह्वान, शिक्षा को बताया उज्ज्वल भविष्य और सफलता का आधार

नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर विद्यार्थियों को दी हार्दिक शुभकामनाएँ

KPN24.com जांजगीर-चांपा 15 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 16 जून से प्रारंभ हो रहे नए शैक्षणिक सत्र के अवसर पर प्रदेश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें पूरी लगन, अनुशासन और उत्साह के साथ अध्ययन करने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य, आत्मनिर्भरता और सफलता की सबसे मजबूत नींव है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि बच्चों के सपनों को आकार देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय जाने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का परिश्रम और शिक्षा ही आने वाले समय में सफलता का आधार बनेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने, ज्ञान अर्जित करने तथा संस्कार और अनुशासन के साथ जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चे प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर भविष्य में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेंगे तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि नया शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों के जीवन में नई ऊर्जा, नए अवसर और नई सफलताएँ लेकर आएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल एवं प्रेरणादायी भविष्य की कामना करते हुए नए शिक्षा सत्र के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More