
KPN24.com जांजगीर-चांपा 17 जून 2026
जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक पिता और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के भीतर मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। उसके साथ उसके दो मासूम बच्चों के शव भी घर के अंदर मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला कीटनाशक विषाक्त पदार्थ के सेवन से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि लगभग एक सप्ताह पूर्व रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके पहुंचा था, लेकिन पत्नी के लौटने से इंकार करने पर वह अकेला ही घर वापस आ गया।
बुधवार सुबह मृतक के पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने ग्राम कटनई गए हुए थे। इसी दौरान करीब 11:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका पुत्र और दोनों नाती घर में अचेत अवस्था में पड़े हैं। घर पहुंचकर देखने पर तीनों की मौत हो चुकी थी।
सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने संभाला मोर्चा, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही नैला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं और जांच की कमान संभाली।
उन्होंने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर अधिकारियों को हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों एवं डॉग स्क्वॉड की भी सहायता ली जा रही है। वहीं, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
हर पहलू की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है, लेकिन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच की जाएगी। घटना ने पूरे ग्राम बिरकोनी और आसपास के क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।










